ब्रेक फेल होने के बाद सड़क पर पलटी एचआरटीसी बस।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल से गंगोटी रूट पर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस बुधवार शाम करीब चार बजे रैंस के पास अचानक पलट गई। गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी पांच सवारियां पूरी तरह सुरक्षित हैं। बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि, चालक की सूझबूझ से बड़ा जानमाल का नुकसान होने से टल गया। एचआरटीसी की यह बस अपने निर्धारित समय दोपहर 3:15 बजे लडभड़ोल से गंगोटी के लिए निकली थी। वापसी के दौरान शाम 4:00 बजे रैंस के पास बस में अचानक प्रेशर खत्म हो गया, जिससे उसके ब्रेक फेल हो गए।
ब्रेक फेल होने का अहसास होते ही चालक ने समझदारी दिखाते हुए बस को सड़क किनारे एक दीवार से टकरा दिया। इससे बस पलट गई। यदि चालक समय रहते यह कदम नहीं उठाता, तो बस दूसरी तरफ गहरी खाई में गिर सकती थी। हादसे के वक्त बस में एक महिला, दो छोटी बच्चियां और दो युवतियां सवार थीं। बस पलटने की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। मंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी धर्मशाला पंकज चड्ढा ने बताया कि बस पलटने का मामला ध्यान में आया है। घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि तकनीकी खराबी किन कारणों से आई।