मंडी। धार्मिक पर्यटन स्थल पराशर में सैलानियों के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। आगंतुकों के बैठने के लिए बेंच स्थापित किए जाएंगे तथा व्यू प्वाइंट का निर्माण किया जाएगा। दो जैव शौचालय के निर्माण के अलावा वन विभाग क्षेत्र में ट्रैक रूट का विकास किया जाएगा।
वन क्षेत्र में भ्रमण के लिए रास्तों के सुधारीकरण का प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजा जाएगा। उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने मंगलवार को पराशर विकास प्राधिकरण तथा जिला मंडी में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए गठित समितियों की बैठक में यह जानकारी दी। बैठक में पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन के उपनिदेशक एसके पराशर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पराशर में कुछ भूमि मंदिर पराशर ऋषि के नाम से है तथा अतिरिक्त समस्त भूमि वन विभाग की है। इसके लिए वन विभाग का सहयोग भी विकास के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।
उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने वन विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए कि पराशर में भूमि कटाव को रोकने के लिए सुरक्षा दीवार लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने साहसिक खेलों के विकास के लिए जिले के सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे उनके क्षेत्र में आने वाले साहसिक खेलों के अधिसूचित स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल, एसडीएम सदर रितिका जिंदल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद