चैलचौक में गैस एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। वन विश्राम गृह चैलचौक में आयोजित बैठक के दौरान नाचन के विधायक विनोद कुमार ने क्षेत्र की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की आपूर्ति समय पर और पूर्ण पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा गैस वितरण प्रणाली पूरी तरह सुचारु और पारदर्शी रहनी चाहिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में अभी तक गैस आपूर्ति नहीं पहुंची है, वहां शीघ्र सिलिंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं से संयम बनाए रखने और अनावश्यक रूप से एक स्थान पर सिलिंडर एकत्रित न करने की अपील की गई। बैठक में यह भी आदेश दिए गए कि चैलचौक में जो उपभोक्ता नेरचौक गैस एजेंसी से जुड़े हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से मांडव गैस सर्विस में स्थानांतरित किया जाए। स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, जन्मदिन, सेवानिवृत्ति, शोक सभाओं और विवाह समारोहों के लिए सिलिंडर आवंटन को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा बुराहटा, सठखन और मंडोगलू क्षेत्रों में शीघ्र गैस सिलिंडर की आपूर्ति के लिए वाहन भेजने के आदेश जारी किए गए। इस दौरान ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के प्रदेश सदस्य दिवान शर्मा और जयसिंह राणा ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी की गाड़ियां चैलचौक में नियमित रूप से सिलिंडर आपूर्ति नहीं कर रही हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में वितरण किया जा रहा है।