सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर उपमंडल की डैहर पंचायत के खरोटा गांव में मंगलवार शाम एक गोशाला के पीछे रखे घास के भंडार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि भंडार में रखा पूरा घास जलकर राख हो गया। इस घटना में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार खरोटा गांव निवासी हंसराज पुत्र निक्का राम के घास के कोठे में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने का पता चलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। इसी बीच दमकल विभाग को भी घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी कर्मचारियों सहित मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी डैहर की टीम, पंचायत प्रतिनिधि और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया तथा आवश्यक जानकारी जुटाई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संवाद