मंडी। शहर के सेरी मंच पर रविवार को जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला धूमधाम से मनाया गया। मेले का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश रेडक्रॉस सोसायटी की उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने किया। उन्होंने मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी व स्टॉलों का उद्घाटन कर अवलोकन किया।
इस अवसर पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि विश्वव्यापी स्वयंसेवी संस्था के रूप में कार्य कर रही रेडक्रॉस सोसायटी और इसकी विभिन्न शाखाएं अनेक गतिविधियों के माध्यम से निस्वार्थ भाव से पीड़ित मानवता की सेवा में कार्य कर रही हैं। राज्य में रेडक्रॉस गतिविधियों में मंडी रेडक्रॉस सोसायटी प्रथम स्थान पर है। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी, सामुदायिक अस्पताल करसोग, सुंदरनगर तथा अन्य क्षेत्रीय स्वास्थ्य संस्थानों में विभिन्न प्रकार के मेडिकल परीक्षण की सुविधा कम दरों पर प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोसायटी द्वारा अक्षम लोगों को सहायता उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। गत वित्त वर्ष के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी मंडी द्वारा इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए लगभग एक करोड़ 30 लाख रुपये की राशि खर्च की गई। इसके अतिरिक्त सोसायटी क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में 24 घंटे ईसीजी टेस्ट की सुविधा लोगों को उपलब्ध करवा रही है। सोसायटी द्वारा लोगों की सेवा के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में इन्टेसिव केयर यूनिट स्थापित किए गए हैं। उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन व वेबसाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने सोसायटी के ब्रैंड अंबेसडर बने क्रिकेटर ऋषि धवन द्वारा जारी की अपील के पोस्टर का विमोचन भी किया। साथ ही जिले के विभिन्न अनाथालय और अपंग आश्रमों में रहने वाले बच्चों के लिए गर्म ट्रैक सूट वितरित किए।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष एवं उपायुक्त संदीप कदम ने कहा कि इस वर्ष विभिन्न संस्थाओं, विभागों, स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रेडक्रॉस सोसायटी के लिए 70 लाख रुपये का अंशदान दिया गया है। दूरदराज ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को त्वरित राहत सहायता उपलब्ध करवाने के लिए जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने उपमंडल स्तर पर भी यूनिट स्थापित किए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त गोपाल चंद ने मुख्य अतिथि तथा कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों, रेडक्रॉस मेले में सहयोग देने वाली संस्थाओं तथा विभागों का भी आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, पुलिस अधीक्षक मोहित चावला, मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष चेत राम ठाकुर, जिला मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष हरेंद्र सेन, एडीएम पंकज राय, अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष डास़्नेहल कदम आदि मौजूद थे।