मंडी। बच्चों के प्रति विशेष स्नेह के लिए प्रसिद्ध भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू को याद करते हुए उनका जन्मदिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। बच्चों को समर्पित इस दिवस पर कोई महात्मा गांधी बना तो कोई पंडित जवाहर लाल नेहरू, सुभाषचंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई तथा मदर टेरेसा की आकर्षक भूमिका में नजर आए। वहीं बच्चों के लिए कई प्रकार की प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। बच्चों ने इस दिन खूब मौज मस्ती और डांस भी किया। कई स्कूलों के बच्चों ने झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद बच्चों को गर्म कपड़े और जरूरत का अन्य सामान भी वितरित किया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में दीया अव्वल
मंडी। एनसी मॉडल स्कूल में चाचा नेेहरू के जन्म-दिवस को हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में रिटायर्ड सीएचटी निर्मला कात्यायन बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत वंदेमातरम और सरस्वती के गुणगान से की गई। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता की प्रस्तुति विशेष रूप से रही। इस में दीया प्रथम स्थान पर, पारूल दूसरे और नाइसा तीसरे स्थान पर रहीं। प्रधानाचार्य सुनैणा दीक्षित ने कार्यक्रम की जानकारी दी। हरनाम ने इस दिवस पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका रीता शर्मा ने निभाई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पंजाबी डांस में अरनव, श्रुति, प्रार्थना, शौर्य, सक्षम, अंजलि, हिमांशु और अंशिका ने भाग लिया। वहीं फैंसी ड्रेस में पारूल, दीया, अरण्य, पारस, हर्षिता, जैसमिन, नाइसा, आइसा, विभूति, सैमियल और समरथ ने भाग लिया। राजस्थानी डांस घुम्मर पर तेजस्वी, कृति और नैंनसी ने शानदार प्रस्तुति देकर अभिभावकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कुकडू कूं डांस में कृष, मीनाक्षी, मरयम और गौरव ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी। बेटी है अनमोल डांस में पारूल और अरण्य ने उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया। देश भक्ति गीत सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा पर निधि, खुशबू, श्रुति और कृताजंल ने शानदार डांस प्रस्तुत किया। इस दौरान बच्चों के माडल भी प्रदर्शित किए गए।