गोहर (मंडी)। छठी वाहिनी प्रशिक्षण केंद्र जासन (चैलचौक) में आयोजित होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा और अभिलेख सत्यापन प्रक्रिया में 830 अभ्यर्थियों को नामांकन पत्र जारी किए गए थे। इनमें से 498 अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया, जबकि 332 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष कुशल चंद ने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल 498 अभ्यर्थियों में से 41 अभ्यर्थी ही निर्धारित मानकों को पूरा कर सफल रहे। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की लंबाई, सीना माप, दौड़, ऊंची कूद और लंबी कूद की परीक्षाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से आयोजित की गईं।
उन्होंने बताया कि भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल, चिकित्सा दल, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई गई थीं। भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।