मंडी। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत मंडी जिले में 46 नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनकी कुल लागत 15.35 करोड़ तथा अनुदान राशि 3.27 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। जिन परियोजनाओं का अनुमोदन किया गया उनमें मुख्यत: छोटे मालवाहक वाहन, दुकान और शटरिंग इत्यादि शामिल हैं।
उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने वीरवार को मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति के समक्ष 16.93 करोड़ रुपये की 51 परियोजनाएं अनुमोदन के लिए प्रस्तुत की गई थीं। इनमें से 46 परियोजनाओं का अनुमोदन किया गया है। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है, जिसके लिए जिला मंडी को चालू वित्त वर्ष के लिए 10 करोड़ 50 लाख रुपये की अनुदान राशि उपलब्ध करवाई गई है।
उपायुक्त ने बताया कि योजना के तहत हिमाचली युवा जिनकी आयु 18 से 45 साल के मध्य हो, वह 1 करोड़ रुपये तक की कुल परियोजना लागत वाली इकाइयों में प्लांट और मशीनरी के उपकरण पर 60 लाख रुपये तक के निवेश, महिला उद्यमियों के लिए 30 प्रतिशत तथा अन्य युवा उद्यमियों के लिए 25 प्रतिशत अनुदान तथा विधवा महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है।
जिला उद्योग केंद्र मंडी के महाप्रबंधक ओम प्रकाश जरयाल ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत 5 प्रतिशत की दर से 3 सालों तक 60 लाख रुपये के ऋण पर ब्याज अनुदान दिया जाएगा। योजना सभी उत्पादन इकाइयों एवं 85 सेवा इकाइयों के ऊपर लागू हैं।
000