जोगिंद्रनगर (मंडी)। राज्यस्तरीय देवता मेला जोगिंद्रनगर में 300 पुलिस जवान सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। शरारती तत्वों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ड्रॉन से भी नजर रखी जाएगी। लोगों की सुरक्षा को लेकर शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
मेला समिति अध्यक्ष एवं एसडीएम डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि मेले में शरारती तत्वों पर नकेल कसने के लिए मेला स्थल में सीसीटीवी कैमरों का पहरा रहेगा। मेला मैदान में पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थापित रहेगा। यहां 24 घंटे पुलिस जवान तैनात रहेंगे।
सायंकालीन सांस्कृतिक संध्याओं में हुड़दंगियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की क्यूआरटी टीम भी तैनात रहेगी। पुलिस अधीक्षक मंडी से अतिरिक्त पुलिस जवानों की मांग मेला समिति ने की है। करीब तीन सौ पुलिस के जवान मेले की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।
इस बार मेले में कारोबारियों से अगर किसी ने अवैध वसूली या फिर जबरन सामान उठाने का प्रयास किया तो पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने कहा कि मेले की सुरक्षा प्रबंधों पर मेला समिति से थाना प्रभारी की बैठक में रूपरेखा भी तैयार कर ली गई है। थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने कहा कि मेले में शिरकत करने वाले सभी मेहमानों को सुरक्षा प्रदान करना पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। संवाद