मंडी। जिलाभर में चुनाव अधिकारियों की प्रथम रिहर्सल का बुधवार को आयोजन उपमंडल स्तर पर किया गया। प्रथम अभ्यास में कर्मचारियों और अधिकारियों को ईवीएम और वीवीपैट मशीन की विस्तार से जानकारी दी गई है। वल्लभ कॉलेज मंडी में सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सदर पूजा चौहान की अध्यक्षता में अभ्यास वर्ग का आयोजन किया गया। इस दौरान वीवी पैट के प्रयोग पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वीवी पैट के गलत इस्तेमाल पर सजा का प्रावधान तक आयोग ने रखा है।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कई जानकारियां साझा की। उधर, जोगिंद्रनगर-31 निर्वाचन क्षेत्र से तैनात किए गए अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रथम रिहर्सल बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक बाल पाठशाला जोगिंद्रनगर के प्रांगण में संपन्न हुई। रिहर्सल की अध्यक्षता सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम दीप्ति मंढोत्रा ने की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव करवाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्षता के साथ कार्य करना पड़ेगा।
चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को वोटिंग मशीन के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए। ताकि आप अपने कार्य को सही तरीके से कर सकें। यह एक टीम वर्क है और सभी को मिलजुल कर कार्य करना है और चुनाव ड्यूटी पर तैनात पीठासीन और मतदान अधिकारियों को सेक्टर अधिकारी के साथ बेहतर तालमेल और समन्वय बना कर सुचारु रूप से मतदान सुनिश्चित करना चाहिए। इस अवसर पर मंडी विधानसभा क्षेत्र 33 के सेक्टर अधिकारी बीडीओ सदर शिपाली शर्मा, सहायक इंजीनियर अनूप कुमार, योगेश कुमार, डीआर राणा, अरुण कुमार शर्मा, विनायक कश्यप, धर्मेंद्र वर्मा, नरदेस सिंह, सहायक रजिस्ट्रार रजनीश कुमार, डीएफएससी एवं सीए के मिलाप शांडिल्य और सहायक इंजीनियर जयपाल नायक विशेष रूप से मौजूद रहे।
उधर, महाविद्यालय सरकाघाट के सभागार में उपमंडल के सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने चुनावी अभ्यास में भाग लिया। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. सुरेश जस्वाल ने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में वह अपना कर्तव्य ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ निभाए और एक स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव करवाएं। चुनाव के दिन से दो दिन पूर्व अपने अपने निर्देशित स्थानों पर पहुंच कर अपने पोलिंग बूथ और अन्य सामग्री को एकत्र कर लें। चुनाव ड्यूटी पर लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा और सहायता के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल उपलब्ध करवाया जाएगा और पोलिंग स्टेशन के सौ मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार न होने दें। विकलांगों और अन्य प्रकार से किसी भी शारीरिक रूप से कमजोर व्यक्तियों के लिए विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी और तीन आदर्श पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। चुनाव अधिकारी तहसीलदार उपेंद्र शुक्ला ने सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को यह जानकारी विस्तृत रूप से दी और ड्यूटी के दौरान कैसे कार्य करना है, इसके बारे में अवगत करवाया।