नेरचौक (मंडी)। खाद्य आपूर्ति विभाग ने बल्ह उपमंडल के रिवालसर में छापामारी कर बिना रेट लिस्ट के सब्जी बेचने और घटिया क्वालिटी का मांस बेचने पर कार्रवाई की। बुधवार को खाद्य आपूर्ति अधिकारी पीसी ठाकुर और खाद्य आपूर्ति नागरिक एवं उपभोक्ता मामले बल्ह के निरीक्षक सुनीता राणा ने संयुक्त रूप से छापामारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार रिवालसर बाजार में सब्जी और मीट की दुकानों पर कई जगह मूल्य सूची नहीं दर्शाई गई थी। साथ ही एक दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडर का भी उपयोग किया जा रहा था। विभाग के अधिकारियों ने 1 घरेलू सिलेंडर को जब्त कर लिया है। साथ ही 4 सिलेंडर, 17 क्विंटल सब्जी और 14 किलो मीट भी जब्त किया गया। मामले की पुष्टि करते हुए निरीक्षक सुनीता राणा ने बताया कि कोताही बरतने वाले सब्जी और मीट विक्रेताओं और घरेलू सिलेंडर का प्रयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि कानून का उल्लंघन करने वाले इन लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा। लोगों को उचित दरों पर सही खाद्य सामग्री मिले, इसके लिए समय-समय पर दुकानों पर निरीक्षण किया जाता है। इसी कड़ी में कार्रवाई की गई है। आगे भी इस तरह से छापामारी जारी रहेगी।