मंडी। जिला मंडी में सोमवार को कोरोना संक्रमण के एक साथ 106 नए मामले सामने आए हैं। इतने अधिक मामले आने से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। इनमें एक तीन वर्ष का बच्चा, डेंटल कॉलेज सुंदरनगर के 3 प्रशिक्षु, नेरचौक मेडिकल कॉलेज से 3 प्रशिक्षु और केंद्रीय विद्यालय संधोल से एक कर्मचारी भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. देवेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि संक्रमितों में बल्ह से 15 मामले, धर्मपुर से 11, सरकाघाट से 10, बैजनाथ कांगड़ा से 2, जोगिंद्रनगर से 11, गोहर से 6, सराज से 2, करसोग से 6, पधर से 7, सुंदरनगर से 16 और सदर से 20 नए मामले सामने आए हैं।
सीएमओ ने सभी लोगों से कोविड नियमों की कड़ाई से पालना करने की अपील की है। सभी से कोरोना वैक्सीनेशन करवाने की भी अपील की है। बता दें कि जिले में कुल 1929 सैंपल लिए गए थे जिनमें रैट के 1787 और आरटीपीसीआर के 142 सैंपल लिए गए थे।
संवाद