बुआ के बेटे कृष ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया
यह भावुक वीडियो मृतक आदित्य के बुआ के बेटे कृष ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया था। हादसे के बाद से सदमे में डूबे कृष ने रुंधे गले से बताया कि उनकी मौसी की बेटी के बच्चे का नामकरण समारोह था, जिसमें वह भी शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान सभी दोस्त बेहद खुश थे और डीजे की धुन पर नाच-गा रहे थे। कृष ने बताया कि उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह अपने दोस्तों का आखिरी वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं। उनके मुताबिक, समारोह समाप्त होने के बाद वह खुद पैदल ही अपने मामा के घर की ओर निकल गए थे, जबकि आयुष, पंकज, अनुज, आदित्य, यश और अर्णव गाड़ी में सवार होकर वहां से रवाना हुए थे। रात को घर लौटते समय रास्ते में उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई, जिसमें छहों दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। अब वही वीडियो, जिसमें कुछ घंटे पहले तक छहों दोस्त हंसते-मुस्कुराते और खुशियां मनाते नजर आ रहे हैं, उनके परिवारों और ग्रामीणों के लिए दर्दनाक याद बन गया है। आखिरी जश्न के इस वीडियो को देखकर परिजनों और ग्रामीणों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।