बंजार (कुल्लू)। अब सिविल अस्पताल बंजार में मरीजों को अल्ट्रासाउड और एक्सरे समेत अन्य आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इसका बंजार की 27 पंचायतों की लगभग एक लाख आबादी को लाभ मिलेगा। इसके लिए लोगों को अब करीब 55 किमी दूर कुल्लू के चक्कर नहीं काटने पड़ेेंगे। दरअसल बंजार सिविल अस्पताल के पांच मंजिला नए भवन का कार्य इन दिनों जोरों पर चला है। इसे तीन ब्लॉक ए, बी व सी में बांटा गया है। इसके ए ब्लॉक का कार्य मार्च तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद इसे जनता को समर्पित होगा।
बी व सी ब्लॉक का कार्य अक्तूबर माह तक पूरा होगा। इस छह मंजिला नए भवन पर 15.58 करोड़ रुपये की राशि खर्च हो रही है। इस नए भवन में 50 बेड स्थापित किए जाएंगे और नए विशेषज्ञों की तैनाती होगी। इससे मरीजों को राहत मिलेगी। वर्तमान में 12 बेड वाले अस्पताल में महिला, पुरुष व शिशु के तीन वार्डों में मरीजों का उपचार किया जा रहा है। बता दें कि 2017 को लोक निर्माण मंडल बंजार ने छह मंजिला बंजार अस्पताल के नए भवन के टेंडर अवॉर्ड किए थे। इसके लिए स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी ने बजट का प्रावधान किया था। वे स्वयं समय-समय पर निरीक्षण करते रहते हैं। संवाद
मंडी जिले के मरीज भी उपचार के लिए आते हैं बंजार
मंडी जिले के बालीचौकी, गाड़ागुशैणी, थाचाधार घाटी समेत अन्य क्षेत्रों के मरीज उपचार करवाने के लिए बंजार सिविल अस्पताल आते हैं। सीएचसी बालीचौकी में एक्सरे व अन्य टेस्टों की सुविधा नहीं है। इसके चलते मरीज बंजार जाना उचित समझते हैं। इससे क्षेत्रों के ग्रामीणों को जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ती है। बंजार अस्पताल ग्रामीणों के लिए नजदीक पड़ता है।
नए भवन में 100 बिस्तर करने की योजना
अस्पताल के नए भवन में 100 बिस्तर स्थापित करने की योजना भी चल रही है। इस पर स्थानीय विधायक और स्वास्थ्य विभाग कार्य कर रहा है। हालांकि इसके तैयार होने के बाद शुरुआती दौर में पहले 50 बिस्तर स्थापित किए जाएंगे। इसके बाद 100 बिस्तर की सुविधा मरीजों को मिल सकती है।
अब नहीं जाना पड़ेगा 55 किमी दूर कुल्लू
अब बंजार विकास खंड की 27 पंचायतों के ग्रामीणों को उपचार के लिए 55 किलोमीटर दूर कुल्लू अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। ग्रामीणों को घर-द्वार पर ही अच्छी सुविधाएं मिलेंगी। इससे पैसे और समय दोनों की बचत होगी। बता दें कि इससे पहले ग्रामीण को अल्ट्रासाउंड, एक्सरे करवाने के लिए कुल्लू आना पड़ता था, जिससे परेशानी होती थी। एक्सरे की नियमित सुविधा मरीजों को नहीं मिल पाती है। अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए कई बार अस्पताल से तीन से चार माह की लंबी तारिक मिलती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
बंजार सिविल अस्पताल के नए ए-ब्लॉक को मार्च तक जनता को समर्पित किया जाएगा, जिससे मरीजों को भवन का लाभ मिल सके। इसके बाद चिकित्सकों की संख्या को बढ़ाया जाएगा।
-सुरेंद्र शौरी, विधायक, बंजार
15 करोड़ 58 लाख की लागत से 50 बिस्तर की क्षमता वाले अस्पताल भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जल्द ही इसके ए-ब्लॉक को विभाग को सौंप दिया जाएगा, जबकि बी और सी ब्लॉक का कार्य अक्तूबर तक पूरा होगा।
-चमन सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता, लोनिवि, बंजार