कुल्लू। पर्यटन सीजन में हिमाचल पथ परिवहन निगम की अतिरिक्त वोल्वो बसें कुल्लू-मनाली से बाहरी राज्यों के लिए दौड़ेंगी। निगम ने इसका शेड्यूल तैयार कर दिया है।
पर्यटकों की संख्या बढ़ते ही बसों को बढ़ाया जाएगा। हालांकि वर्तमान में निगम मनाली से दिल्ली, चंडीगढ़ और हरिद्वार के लिए बसों का संचालन कर रहा है। अभी मनाली से दिल्ली के लिए पांच, चंडीगढ़ के लिए तीन और हरिद्वार के लिए एक बस भेजी जा रही हैं। बता दें कि कोरोना काल में पर्यटन सीजन पर प्रभाव पड़ा है, जिसके चलते निगम ने बाहरी राज्यों के लिए अधिकतर वोल्वो रूट अभी बंद किए हैं, लेकिन हालात सामान्य होने पर निगम ने वोल्वो सेवा आरंभ कर दी है। पर्यटन सीजन को देखते हुए निगम ने एकाएक वोल्वो बस रूटों को बढ़ाया है। वर्तमान में बाहरी राज्यों के लिए नौ वोल्वो बसें मनाली से संचालित की जा रही है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य राज्यों से कुल्लू-मनाली आ रहे पर्यटकों को अब टैक्सी का भारी भरकम किराया नहीं चुकाना पड़ेगा। वे निगम की लग्जरी बस सेवा का फायदा उठा सकेंगे। पर्यटक वोल्वो बसों में बैठकर सीधे पर्यटन नगरी मनाली पहुंचेंगे। निगम लग्जरी बस सेवा से यात्रियों की सुविधा प्रदान कर रहा है। पर्यटक और स्थानीय लोग मनाली से बाहरी राज्यों तथा बाहरी राज्यों से मनाली के लिए निगम की बसों में आवाजाही कर सकेंगे। उधर, इस संबंध में परिवहन निगम कुल्लू डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि मनाली से दिल्ली, चंडीगढ़ और हरिद्वार के लिए रोज वोल्वो बसों का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कहा कि पर्यटकों की संख्या में बढ़ने पर अतिरिक्त वोल्वो बसों को बाहरी राज्यों के लिए चलाया जाएगा। संवाद
कब कहां के लिए चलेंगी बसें
मनाली से दिल्ली के लिए दोपहर तीन, शाम चार, छह, सात और आठ बजे वोल्वो बस चलेगी। इसी तरह मनाली से चंडीगढ़ के लिए सुबह आठ, दस और शाम नौ बजे तथा मनाली से हरिद्वार के लिए शाम साढे़ चार बजे वोल्वो बस को संचालित किया जाएगा। दिन के साथ रात्रि सेवा में बसों के दौड़ने से यात्रियों को काफी हद तक लाभ मिलेगा।