जलशक्ति महकमे ने शुरू किया सुरक्षा दीवार लगाने का काम
ब्यास नदी के किनारे लगेगी करीब 460 मीटर लंबी पक्की दीवार
संवाद न्यूज एजेंसी
पतलीकूहल (कुल्लू)। जिले की रायसन पंचायत के गांवों को बचाने के लिए ब्यास नदी में सुरक्षा दीवार लगाई जा रही है। इस पर करीब नौ करोड़ रुपये खर्च होंगे। पंचायत के गांवों को ब्यास की बाढ़ के बचाने के लिए जल शक्ति विभाग ने काम शुरू कर दिया है।
ब्यास के किनारे नौ करोड़ से लगभग 460 मीटर लंबी आरसीसी की सुरक्षा दीवार लगाई जा रही है। इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
जल शक्ति विभाग कटराईं ने निर्माण कार्य दो निजी कंपनियों को दिया है। एक कंपनी ने निर्माण कार्य शुरू भी कर दिया है, जबकि दूसरी कंपनी जल्द इस काम काे शुरू करेगी। सात करीब सात मीटर ऊंची इस दीवार से शिरढ़ नाला से रायसन तक बस्ती को ब्यास नदी से सुरक्षा मिलेगी। जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अरुण शर्मा ने कहा कि दीवार रायसन नए पुल तक लगाई जाएगी। वीरवार को निर्माण कार्य शुरू होने पर जल शक्ति विभाग कुल्लू के अधीक्षण अभियंता विनोद ठाकुर, अधिशासी अभियंता अरुण शर्मा और सहायक अभियंता योगेश कुमार मौजूद रहे। अधीक्षण अभियंता विनोद ठाकुर ने निर्माण कर रहे ठेकेदारों को तय समय पर इस काम को पूरा करने के निर्देश दिए। ब्यास के किनारे आरसीसी की सुरक्षा दीवार का कार्य शुरू करने पर रायसन पंचायत के लोगों ने खुशी जताई है। पंचायत प्रधान कर्म चंद ठाकुर, ज्योति प्रकाश और प्रवीण बौद्ध सहित स्थानीय लोगों ने विधायक भुवनेश्वर गौड़ और जल शक्ति विभाग का आभार जताया है।