संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। खेल के क्षेत्र में बच्चों को बेहतर बनाने में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खूब पसीना बहा रहे हैं। जिला कुल्लू की वन विभाग में कार्यरत वनरक्षक भी 30 स्कूली विद्यार्थियों को खेल की बारीकियां सिखा रही हैं।
वनरक्षक वाणी ठाकुर बास्केटबाल की अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी हैं। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र विद्यालय ढालपुर में रोजाना स्कूल के 30 विद्यार्थियों को सुबह और शाम के सत्र में बास्केटबाल का अभ्यास करवा रही हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर खिलाड़ी बनाना है। इसके लिए वह प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों से किसी तरह का कोई शुल्क भी नहीं ले रही हैं। वह निशुल्क ही इन स्कूली विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दे रही हैं।
जिले के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन सही कोचिंग न मिलने के कारण वे अपनी प्रतिभा को नहीं निखार पाते हैं। बच्चों को बास्केटबाल की बारीकियां सिखाने समेत उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से वनरक्षक ने प्रशिक्षण शिविर चलाने का निर्णय लिया है। वह इस वर्ष मार्च से स्कूली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रही हैं। रोजाना सुबह 5:30 से 7:00 बजे तथा शाम को 5:00 से 7:00 बजे तक अलग-अलग आयु वर्ग के स्कूली विद्यार्थियों को अभ्यास करवा रही हैं। इनमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 के विद्यार्थी शामिल हैं।
वाणी ठाकुर ने कहा कि खेलों में बच्चों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रशिक्षण की आवश्यकता रहती है। तभी वह प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। बच्चों को श्रेष्ठ खिलाड़ी बनाने के लक्ष्य के तहत वह प्रशिक्षण दे रही हैं।
अब तक अपने नाम किए सात स्वर्ण पदक
वनरक्षक वाणी ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में सात स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। वह साल 2007 से 2020 तक की 11 प्रतियोगिताएं खेल चुकीं हैं। इसमें उन्होंने सात स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीता है।