कुल्लू। कृषि की आधुनिक तकनीकों को अपनाकर जिले के युवा स्वरोजगार को अपना सकते हैं। बड़ी संख्या में किसान कृषि से अपनी आर्थिकी सुनिश्चित कर रहे हैं। ऐसे में आधुनिक तकनीक अब रोजगार के द्वार खोल रही है।
यह बात कृषि विज्ञान केंद्र बजौरा के प्रबंधक डॉ. केसी शर्मा ने कही। नेहरू युवा केंद्र कुल्लू की ओर से मंगलवार को आत्मनिर्भर भारत विषय पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र में किया गया। शिविर में कुल्लू खंड के विभिन्न युवक और महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूूूहों के सदस्यों ने उपनी भागीदारी सुनिश्चित की। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रबंधक डॉ. केसी शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
प्रबंधक ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और देश-प्रदेश समेत जिला कुल्लू में बहुत बड़ी संख्या में कृषि से ही लोग रोजगार चला रहे हैं। वर्तमान में कृषि विभिन्न आधुनिक तकनीकों से हो रही है। इन तकनीकों को अपनाकर स्वरोजगार पाकर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को कृषि विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, जिला खादी ग्रामोद्योग से कार्यक्रम में आए विवेक शर्मा ने ग्रामोद्योग की ओर से करवाए जाने वाले कार्यक्रमों और प्रशिक्षणों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण लेकर युवा और महिलाएं ग्रामोद्योग से अपनी आर्थिकी मजबूत कर सकते हैं। इस दौरान एनवाईके की जिला युवा अधिकारी सोनिका चंद्रा, लुदर चंद, शबनम, धर्मेंद्र आदि उपस्थित रहे।