संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू में दो सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई है। दोनों हादसों में राहगीरों की मौत वाहनों की टक्कर से हुई है। कुल्लू पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पहला मामला कुल्लू-मनाली हाईवे तीन स्थित रायसन के पास हुआ है। मंगलवार देर शाम एक अज्ञात वाहन ने राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें व्यक्ति की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय रेवत राम निवासी सुआनी, रायसन मंगलवार देर शाम को अपने घर की तरफ आ रहे थे। इस दौरान एक तेज गति गाड़ी ने उनको टक्कर मार दी। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। टक्कर किस वाहन ने मारी इसका खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। उधर, एक अन्य मामले में बुधवार दोपहर बाद कुल्लू-मनाली मार्ग पर एक व्यक्ति को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि 44 वर्षीय कमलेश कुमार निवासी बिष्ट बेहड़ अपनी गाड़ी से उतर कर एक दुकान में सामान की खरीदारी कर रहे थे। तथी एक वाहन ने उनको जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि सड़क हादसे में वाहनों की टक्कर से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। एसपी ने कहा कि टक्कर मारने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस वाहनों की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।