कुल्लू। पांच साल बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम के कुल्लू डिपो को इसी महीने 12 नई बसें मिलेंगी। इन बसों के बेड़े में शामिल होने से निगम आए दिन खटारा बसों के कारण प्रभावित हो रहे रूटों से कुछ हद तक राहत मिलेगी। नई बसों में छह एसी और चार 42 सीटर और दो 52 सीटर बसें शामिल हैं।
इन बसों के पहुंचते ही पथ परिवहन निगम के अधिकारी पुरानी हो चुकी खटारा बसों को हटा देंगे, जिससे मुसाफिरों की सुरक्षा भी होगी। वहीं, 42 सीटर बसों को एचआरटीसी प्रबंधन उन सड़कों पर चलाएगा, जहां सड़कें तंग है। क्योंकि तंग सड़कों पर 52 सीटर बसों को नहीं भेजा जा सकता है और पिछले पांच सालों से एचआरटीसी कुल्लू को एक भी 42 सीटर बस नहीं मिली है। अब इन बसों के मिलने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी। बता दें कि पथ परिवहन निगम कुल्लू के पास 42 सीटर
बसों का अभाव है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग एचआरटीसी प्रबंधन से इन मार्गों पर रूट बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। समस्या का समाधान न होने से लोगों को परेशानी हो रही है। इस कारण लोगों को निजी टैक्सियों का सहारा लेकर मुख्य मार्ग पहुंचना पड़ रहा है। वहीं, एचआरटीसी कुल्लू डिपो के पास 42 सीटर बसें नहीं हैं, जबकि अधिकारियों के अनुसार जिन क्षेत्रों के लोग अन्य बस चलाने की मांग कर रहे हैं, वे सड़कें तंग हैं और इनमें 52 सीटर बसों को नहीं भेजा सकता है। संवाद
बसों की कमी से हो रही ओवरलोडिंग
ग्रामीण क्षेत्र बंजार, गुशैणी और कुल्लू के दोहरानाला समेत अन्य इलाकों में बसों की कमी है। ग्रामीण मजबूरन मुख्य मार्ग पहुंचने के लिए ओवरलोड बसों में सफर कर रहे हैं, लेकिन अब ग्रामीणों की समस्या जल्द दूर होगी। इन नई बसों के पहुंचते ही एचआरटीसी ऐसे क्षेत्राें में इन बसों को चलाएगा। ग्रामीण सुरेश कुमार, योगराज, भीमसेन, तारा चंद, यादव राम, केहर सिंह, तुले राम ने कहा कि नई बसें आने से राहत मिलेगी।
इसी महीने आएंगी 12 नई बसें : डीके नारंग
पथ परिवहन निगम कुल्लू के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने बताया कि इस महीने डिपो में 12 नई बसें आएंगी। इनमें चार एसी, छह 42 और दो 52 सीटर बसें हैं। इनके पहुंचते ही पुरानी बसों को सड़कों पर नहीं दौड़ाया जाएगा। जिन क्षेत्रों में बसों की कमी है, वहां पर निगम प्राथमिकता के आधार पर नई बसों को भेजेगा। जिससे ग्रामीण को राहत मिलेगी।