रोहतांग में हुई ताजा बर्फबरी के बाद पर्यटन कारोबार को पंख लगने की उम्मीद जगी है। हिमापत से मनाली के पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। मनाली के पर्यटन व्यवसायियों का कहना है कि मनाली में इन दिनों सैलानियों की संख्या बेहद कम है। ऐसा लग रहा है कि पर्यटन सीजन थम सा गया है, लेकिन रोहतांग में जिस प्रकार बर्फबारी हो रही है, उससे मनाली के पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी।
हिमांचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के महासचिव मकर ध्वज शर्मा ने बताया कि दशहरे के बाद फिर से मनाली में आने वाले पर्यटकों की संख्या थम सी गई है। लेकिन, जिस प्रकार रोहतांग सहित मनाली के अन्य पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी हो रही है, उससे लगता है कि मनाली के पर्यटन व्यवसाय को तेजी मिलेेगी और मनाली एक बार फिर सैलानियों से गुलजार होगा।
मनाली होटलियर एसोसिएशन के प्रधान एवं कुल्लू-मनाली व्यापार पर्यटन विकास मंडल के प्रधान अनूप राम ठाकुर ने बताया कि रोहतांग पर ताजा बर्फबारी होना पर्यटन कारोबारियों के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने बताया कि स्थानीय होटलियरों और टूअर ट्रेवलरों द्वारा अपनी-अपनी बेवसाइटों में फोटो सहित गुलाबा, मढ़ी और रोहतांग में हुई ताजा बर्फबारी की जानकारी डाल दी गई है, जिसके चलते सैलानी मनाली की ओर रुख अवश्य करेंगे और मनाली के पर्यटन सीजन को एक बार फिर से रफ्तार मिलेगी ।
मनाली के रेस्तरां मालिक प्रवीन फैके, विनीत मेहंदी रत्ता ने बताया कि मनाली में इन दिनों सैलानियों की संख्या बहुत कम है। लेकिन, हाल ही में रोहतांग पर हुई ताजा बर्फबारी के कारण लगता है कि आने वाले समय में मनाली में पर्यटकों की आमद बढे़गी।