केलांग (लाहौल-स्पीति)। पंचायती राज चुनाव में पंचायत प्रधान, उपप्रधान व वार्ड सदस्यों का परिणाम घोषित होने के बाद जिला परिषद व बीडीसी उम्मीदवारों की किस्मत मत पेटियों में बंद है। इसकी मतगणना चार अक्तूबर को सुबह साढ़े आठ बजे से जिले की तीन जगहों पर की जाएगी। जिले में जिला परिषद के 10 तथा बीडीसी के लिए 15 वार्डों के लिए हुए मतदान के बाद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।
मतों की गणना के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल केलांग में कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती होगी। लाहौल-स्पीति जिला परिषद और पंचायत समिति के करीब 70 से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत मत पेटियों में बंद है। दो चरणों के तहत 10 जिप और 15 पंचायत समिति बार्डों के लिए 29 सितंबर और एक अक्तूबर को मतदान हुआ था। सोमवार को सुबह ठीक साढ़े आठ बजे मतों की गिनती शुरू होगी। हर जिला परिषद के लिए दो-दो और पंचायत समिति के लिए एक-एक टेबल पर गिनती होगी। मतगणना में करीब सात दर्जन अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया गया है। मतगणना नजदीक आते ही प्रत्याशियों की धुकधुकी बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि जिप के सभी दस वार्डों में प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला होने जा रहा है। माना जा रहा है कि जिप चुनाव के नतीजे आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा और दशा तय करेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नीरज कुमार ने कहा कि मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कहा कि पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच मतों की गिनती शुरू होगी। इधर चुनाव परिणाम को लेकर दूरदराज के प्रत्याशी और उनके समर्थक रविवार शाम को ही जिला मुख्यालय केलांग पहुंच गए हैं।