होटलियर एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष बोले, अनदेखी का शिकार हो रहा पर्यटन कारोबार
कहा - हिमाचल समेत मनाली में बुनियादी सुविधा जुटाने पर दिया जाए जोर
संवाद न्यूज एंजेसी
मनाली (कुल्लू)। प्रदेश में पर्यटन कारोबार सरकारी अनदेखी का शिकार है। अधिकांश राज्य पर्यटन विकास को प्राथमिकता दे रहे हैं, लेकिन हिमाचल में स्वतंत्र रूप से अलग पर्यटन मंत्रालय तक नहीं है। पर्यटन मंत्रालय बस नाम का है, जो अधिकांश मुख्यमंत्री के पास रहता है।
मनाली होटलियर एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने जारी बयान में कहा कि अन्य राज्यों और देशों के साथ प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए हिमाचल में पर्यटन के बुनियादी ढांचे में सुधार की जरूरत है। मनाली को भी बुनियादी ढांचे से जुड़ीं कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसमें क्षतिग्रस्त, संकरी और छोटी सड़कों पर यातायात का बढ़ता दवाब, अपर्याप्त पार्किंग, कमजोर हवाई सेवा, बिजली की समस्या, स्वच्छ पेयजल की समस्या, पर्यटकों की ओर से कूड़ा फेंकना और अपर्याप्त कचरे का निपटान शामिल है।सरकार को सबसे पहले पर्यटन को गंभीरता से लेना चाहिए। कहा कि हमारे पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा सहित अधिकांश राज्यों में पर्यटन मंत्री हैं, जबकि हिमाचल में ऐसा नहीं है।
कुल्लू-मनाली हाइवे तीन ब्यास नदी की बाढ़ के बाद क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने प्रभावित हिस्सों की मरम्मत और चौड़ीकरण करने में एनएचएआई विफल रहा। उन्होंने मांग की है जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत की जाए।