कुल्लू के पिरड़ी स्थित देश के एकमात्र प्रशिक्षण केंद्र की सुरक्षा के लिए बजट जारी
वर्ष 2023 में आई बाढ़ से हुआ था लाखों का नुकसान, अभी भी बरकरार है खतरा
अजय कुमार
कुल्लू। जिले के पिरड़ी स्थित देश के एकमात्र रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण केंद्र को करीब 3.67 कराेड़ रुपये से सुरक्षित किया जाएगा। ब्यास नदी के किनारे बने इस केंद्र को वर्ष 2023 में आई बाढ़ से लाखों का नुकसान हो गया था।
बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है। ऐसे में इस राशि से केंद्र परिसर को सुरक्षित किया जाएगा। यह कार्य बाढ़ नियंत्रण के तहत किया जाएगा। इसके लिए स्पेशल डिजास्टर मैनेजमेंट के तहत धन का प्रावधान किया गया है। योजना के अनुसार इस सेंटर के आगे ब्यास नदी किनारे सुरक्षा दीवार लगाई जाएगी, जिससे बाढ़ का खतरा कम होगा।
अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान के इस प्रशिक्षण केंद्र को सुरक्षित करने के लिए संस्थान के निदेशक अविनाश नेगी ने उपायुक्त कुल्लू से धन उपलब्ध करने की मांग की थी। इसके चलते उपायुक्त ने धन उपलब्ध करवाया है। ऐसे में इस केंद्र के साथ आसपास की लगती सरकारी भूमि का भी संरक्षण होगा। संस्थान के अधिकारियों की मानें तो इसका निर्माण कार्य जल शक्ति विभाग ने शुरू कर दिया है। बरसात आने तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे नदी में जल स्तर बढ़ने और बाढ़ आने की स्थिति में किसी तरह का नुकसान न हो।
—
देश-विदेश से प्रशिक्षण लेने आते हैं युवा
इस प्रशिक्षण केंद्र में देशभर के अलग-अलग राज्यों के अलावा विदेशों से युवा रिवर राफ्टिंग का प्रशिक्षण लेने आते हैं। इस कारण इस केंद्र का महत्व और ज्यादा बढ़ जाता है। यहां युवा आपदा के दौरान राहत बचाव कार्य की तकनीक सीखते हैं, लेकिन दो वर्ष पहले आई बाढ़ के बाद केंद्र का वजूद खतरे में पड़ गया था। ऐसे में अब धन मिलने के बाद केंद्र को संजीवनी मिलेगी। - गिमिनर सिंह, केंद्र प्रभारी
—
देश के एकमात्र रिवर राफ्टिंग प्रशिक्षण केंद्र परिसर के आगे ब्यास नदी के किनारे सुरक्षा दीवार लगाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। सुरक्षा दीवार लगाने पर 3.67 करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा। - अविनाश नेगी, निदेशक अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान मनाली
—