मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के प्रवेशद्वार रांगड़ी में कूड़े के ढेरों का निष्पादन करने के लिए अधिकृत गुरुग्राम की कंपनी ब्लैकलिस्ट (काली सूची) की गई है। कूड़ा निष्पादन का कार्य अधूरा छोड़कर कंपनी ने अपना सामान समेट लिया है। कंपनी के हाथ खड़ा करने के बाद अब नगर परिषद नए सिरे से इसके टेंडर करवाएगी।
रांगड़ी के कूड़ा संयंत्र केंद्र में वर्षों से कूड़े के ढेर लगे हैं। मनाली के अलावा कुल्लू का कचरा भी यहां ठिकाने लगाया जाता रहा है। इससे यहां कूड़े का पहाड़ बन गया है। शहरी विकास विभाग ने इसे हटाने की कवायद शुरू की है। गुरुग्राम की एक कंपनी को इसका टेंडर दिया गया था। शिमला में टेंडर होने के बाद कंपनी ने अपना काम शुरू कर दिया।
यहां बड़ी मशीनरी लगाई गई, जिससे ठोस कचरा अलग और सड़ने वाला कचरा अलग किया जा रहा था। नगर परिषद ने इसके लिए कंपनी को अलग से सड़क भी बनाकर दी, ताकि आसानी से कूड़े को ठिकाने लगाया जा सके। कुछ दिन काम करने के बाद कंपनी ने अपना सामान समेट लिया।
टेंडर के अनुसार कंपनी को गलने और नहीं गलने वाला कूड़ा अलग-अलग करना था। अलग करने के बाद नहीं सड़ने वाला कचरा सीमेंट कारखाने को भेजना था ,जबकि सड़ने वाले कूड़े की खाद बनाई जानी थी। कंपनी काम छोड़कर पहले ही भाग गई।
...
कंपनी ने काम अधूरा छोड़ दिया है। अब कंपनी काम नहीं कर रही। कई नोटिस भेजने के बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो टेंडर के नियमों और शर्तों के अनुसार कंपनी ब्लैक लिस्ट घोषित की गई है। अब नए सिरे से इसके टेंडर करवाए जाएंगे।
-करुण भरमौरिया, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद