कुल्लू के भेखली कार सड़क हादसे में मारे गए युवक का पोस्टमार्टम के बाद शव ले जाते हुए।-संवाद
लाडलों की मौत की खबर सुनते ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
दोनों परिवारों में था एक-बेटा और एक बेटी, टूट पड़ा दुखों का पहाड़
अजय कुमार
कुल्लू। रामशिला-भेखली मार्ग में दुर्गानगर के पास हुए सड़क हादसे में दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में लहाशनी के 18 वर्षीय आशीष और फगवाना के 21 वर्षीय बाल कृष्ण की मौत हो गई है। उनकी मौत की खबर सुनते ही माता-पिता के पांव तले की जमीन खिसक गई। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घर का चिराग बुझने की सूचना मिलते ही आशीष के पिता डाबे राम और बाल कृष्ण के पिता चमन लाल सूचना मिलते ही कुल्लू पहुंच गए थे। दोनों परिवारों में एक बेटा और एक बेटी ही हैं। पिता डाबे राम और चमन लाल मृत बेटे के शव लेने क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अपने बेटों को कंप्यूटर की पढ़ाई करने के लिए कुल्लू भेजा था, जिससे आने वाले समय में वे पढ़ लिखकर उनके बुढ़ापे का सहारा बनें, लेकिन क्या पता था कि जवान बेटे को इस तरह मृत अवस्था में घर ले जाना पड़ेगा।
बताया जा रहा है कि उनका कंप्यूटर कोर्स पूरा हो चुका था। आखिरी पेपर देने के बाद वे अपने दोस्तों के साथ घूमने गए थे। हादसे में कंप्यूटर का प्रशिक्षण लेने वाले दोस्त भी सदा के लिए एक-दूसरे से बिछड़ गए। आशीष और बाल कृष्ण अपने दोस्त रिपन ठाकुर, साहिल और हिमांशु से सदा-सदा के लिए अलग हो गए। लिहाजा, अब हादसे में बचे तीनों दोस्तों को भी अपने दो दोस्तों को खोने का दर्द जिंदगीभर सताता रहेगा। परिजनों को यह हादसा कभी न मिटने वाला दर्द दे गया है।