रुल्लू के अखाड़ा बाजार में लगी आग को बुझाने में जुटे दमकल के विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : Kullu
सिलिंडर फटने से मिठाई की दुकान में लगी आग
40 हजार का नुकसान, नगर परिषद के वार्ड नंबर तीन में दो करोड़ की संपत्ति बचाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। नगर परिषद के वार्ड नंबर तीन में सिलिंडर फटने से मिठाई की दुकान में आग लग गई। आग से 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। दो करोड़ की संपत्ति को आग की भेंट चढ़ने से बचाया गया है। मंगलवार दोपहर बाद दुकान में सिलिंडर फटने से अफरातफरी मच गई। आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। विभाग के कर्मी मौके पर पहुुंचे और समय रहते आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के मुताबिक अखाड़ा बाजार स्थित अन्नपूर्णा स्वीट्स की रसोई में सिलिंडर फटा। जोरदार धमाका होने से रसोई में एकाएक आग फैल गई। देखते ही देखते रसोई में रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। जिसके चलते साथ लगती अन्य दुकानों और मकान को आग की चपेट में आने से बचाया गया। दमकल विभाग के फायर अधिकारी दुर्गा सिंह ने कहा कि मंगलवार दोपहर बाद संजीव कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी अखाड़ा बाजार की दुकान में सिलिंडर फटने से आग लगी। उन्होंने कहा कि 40 हजार रुपये की संपत्ति आग की भेंट चढ़ी है। दो करोड़ की संपत्ति को जलने से बचाया गया है।