कुल्लू। लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्माया हुआ है। वीरवार को कुल्लू में हिमाचल प्रदेश इंटक फेडरेशन के वरिष्ठ महासचिव सुरेंद्र शौंडा ने भी उपचुनाव में टिकट के लिए दावेदारी जताई।
कुल्लू में प्रेसवार्ता में कहा कि व्यवस्था परिवर्तन को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने साबित कर दिखाया है। लाहौल-स्पीति के लोगों की ईमानदार छवि को रवि ठाकुर ने दागदार बना दिया। उन्होंने पूर्व विधायक डॉ. रामलाल मारकंडा के कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर कहा कि मारकंडा को मौका मिला तो उन्होंने हिविंका से चुनाव लड़ा था।
फिर अपने ही गुरु पंडित सुखराम को धोखा देकर भाजपा में शामिल हो गए। कहा कि मैं वर्ष 1987 से एनएसयूआई से जुड़ने के बाद अब तक कांग्रेस पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। अगर लोगों का आशीर्वाद मिला तो जनता की सेवा की जाएगी। सुरेंद्र शौंडा ने यह भी कहा कि पार्टी जिसे भी टिकट देती है, पार्टी के सच्चे सिपाही होने के नाते वह प्रत्याशी की जीत के लिए काम करेंगे। संवाद