कुल्लू जिला में सोमवार को स्कूल खलते ही पहुचें छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग करते कर्मी।
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिले में नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खुलें हैं। पहले दिन सरकारी आदेशों के अनुसार दसवीं और 12वीं के विद्यार्थियों को स्कूल बुलाया गया। कुल्लू के 96 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक के साथ 56 उच्च विद्यालयों में 2991 विद्यार्थी नियमित कक्षाएं लगाने आए। विद्यार्थियों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही स्कूल में प्रवेश दिया गया और कक्षाओं में भी उनके बीच दूरी रखी गई।
विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए शिक्षा विभाग ने माइक्रो प्लान तैयार किया हुआ है। सभी स्कूलों में विद्यार्थियों को प्लान के तहत ही कक्षाओं में बैठाया गया। बता दें कि कोरोना काल में लंबे अंतराल के बाद दोबारा से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए स्कूल खोलने का सरकार ने फैसला लिया है। जिसके चलते सोमवार को दसवीं और 12वीं कक्षाओं के हजारों विद्यार्थियों ने स्कूल आकर पढ़ाई की।
गौरतलब है कि कोरोना के कारण स्कूल बंद रहने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा था। ऑनलाइन व्यवस्था में कई क्षेत्रों में नेटवर्क की दिक्कत और किसी विद्यार्थी के पास स्मार्ट फोन न होनेेे से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। लेकिन अब स्कूल खुलने से विद्यार्थियों केे चेहरे पर चमक लौटी, तो अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है।
अभिभावक वेदराम, सुरेश, राजेंद्र, मनीष, अनिता, मोनिका, शिवानी, द्रोपती, निर्मला ने कहा कि स्कूल बंद रहने से बच्चे अच्छे से नहीं पढ़ पाए हैं। बच्चे विषय संबंधी समस्याओं में उलझ जाते थे। कहा कि स्कूल खोलने का निर्णय बच्चों के बेहतर भविष्य के हक में है। इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक शांति लाल ने कहा कि जिला कुल्लू में पहले दिन 2991 विद्यार्थियों ने उपस्थिति दर्ज करवाई है।