डीएसपी ने शिक्षकों को चिट्टे के बढ़ते खतरे से करवाया अवगत
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंजार में शनिवार को नशा उन्मूलन और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस उप अधीक्षक बंजार राज कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उन्होंने शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों से संवाद करते हुए नशे के दुष्प्रभावों, विशेषकर चिट्टे के बढ़ते खतरे और युवाओं को नशे से दूर रखने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसे नशीले पदार्थ युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर गंभीर असर डाल सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नशे से संबंधित जानकारी समय पर पुलिस या संबंधित विभाग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर बुलिंग और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के बारे में भी जानकारी दी गई। शिक्षकों और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई। इस दौरान शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने नशे के खिलाफ शपथ लेकर विद्यार्थियों और समाज को नशामुक्त रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य डॉ. धर्म पाल ने मुख्यातिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को नशे और साइबर अपराधों से बचाने में मददगार हैं। संवाद