लाहौल की चंद्राघाटी में हुई ताजा बर्फबारी। संवाद
मनाली (कुल्लू)। पर्यटकों की पहली पसंद रोहतांग दर्रा में वर्ष 2025 के अंतिम दिन बर्फबारी हुई। इसके अलावा मनाली की ऊंची चोटियों सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, घेपन पीक, हनुमान टिब्बा, देऊ टिब्बा, मांगनकोट, इंद्रासन में बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने से निचले इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।
बुधवार सुबह से खराब चल रहे मौसम को देखते हुए पुलिस ने रोहतांग के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी। गुलाबा से आगे वाहनों को जाने की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि लाहौल घाटी और अटल टनल रोहतांग में बर्फ के फाहे गिरने से पर्यटक रोमांचित हो गए। पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ लिया। ताजा बर्फबारी के बीच नववर्ष का जश्न मनाया। इन खास लम्हों को पर्यटकों ने अपने कैमरों में कैद किया।
मनाली प्रशासन ने दो जनवरी तक रोहतांग दर्रा सभी प्रकार के वाहनों के लिए बहाल रखा है लेकिन बुधवार को रोहतांग में बर्फबारी होने के बाद पर्यटक यहां नहीं जा पाए। ठंड के चलते लोग घरों में दुबककर रह गए हैं। संवाद