संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में रुक-रुक कर बर्फबारी होने से लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हो रही है। हालांकि शुक्रवार रात को रोहतांग दर्रा के साथ कुंजुम दर्रा, बारालाचा, अटल टनल रोहतांग के साथ जलोड़ी दर्रा में बर्फबारी हुई है।
शनिवार को भी बर्फ के फाहे गिरने का दौर जारी रहा। पर्यटकों के लिए अटल टनल व सिस्सू को सुरक्षा की दृष्टि से बहाल नहीं किया गया है। पर्यटकों ने सोलंगनाला, नेहरूकुंड तथा फातरू में बर्फ का आनंद उठाया। सैलानियों ने स्कीइंग, घुड़सवारी, स्नो स्कूटर तथा पैराग्लाइडिंग का लुत्फ लिया। जिला कुल्लू में जलोड़ी दर्रा से गुजरने वाले हाईवे-305 के साथ नागुझोर से मशना-थाच, पनंगा-शेगली-कशेरी, पिछलीहार-नेरी, बाहू-टील, बरनागी-मशियार, घियागी-सजवाड़ के साथ खनाग व रोहाचला मार्ग पर बसों के साथ अन्य वाहन सेवा ठप है। मनाली स्थित रक्षा भू सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने हिमखंड गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है। हिमालय क्षेत्रों में जलोड़ी दर्रा से लेकर मनाली, लेह, किन्नौर, पांगी-किलाड़ और शिमला के क्षेत्र में हिमस्खलन का खतरा है। जिला कुल्लू केे खनाग, जलोड़ी दर्रा से सोझा क्षेत्र रेंज के साथ सोलंगनाला, सोलंग, धुंधी, ब्यासकुंड, अटल टनल के साउथ पोर्टल, कोकसर, छतड़ू, बातल, काजा, ताबो, समदो, कल्पा, कड़छम, सांगला, छितकुल, जिंगजिंगबार, बारालाचा, सरचू, तंगलगला, उदयपुर, किलाड़ सहित संवेदनशील इलाकों में हिमखंड का खतरा बना हुआ है। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने पर्यटकों समेत जिलावासियों को सतर्कता बरतने को कहा है। अगले दो दिनों तक भारी बर्फबारी की संभावना जताई है।