संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगती लगघाटी के भुट्टी गांव में गाड़ियों के टायर चोरी के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर ही दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी हुए टायर भी बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल एक गाड़ी भी कब्जे में ली है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को पवन कुमार निवासी भुट्टी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उन्होंने रोज की तरह अपनी गाड़ी भुट्टी में खड़ी की थी। शुक्रवार रात को किसी ने उनकी बलेनो गाड़ी के चार टायर चुरा लिए। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 24 वर्षीय लखविंदर तथा 23 वर्षीय गौरव ठाकुर शामिल हैं। पुलिस जांच में चोरी के टायर बरामद किए गए हैं। एक जेस्ट कार को भी जब्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि घटना को ट्रेस करने के लिए पुलिस ने कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।