उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में हो रही बर्फबारी किशोरों के वैक्सीनेशन अभियान में बाधा बन गई है। जिले में शनिवार को वैक्सीनेशन के दो-दो सत्र लगने थे, जिनमें 89 किशोरों को वैक्सीन लगाई जानी थी।
हालांकि विभाग ने विषम परिस्थितियों को देखते हुए पहले से तैयारियां कर रखी हैं। अभियान में बाधा ने आए, इसके लिए शुक्रवार को मनाली-केलांग मार्ग के कुछ समय के लिए खुलते ही अटल टनल रोहतांग के रास्ते 108 एंबुलेंस से वैक्सीन क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में पहुंचाई गई। बावजूद इसके राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शांशा में 13, जाहलमा में 41, थिरोट में आठ और राजकीय उच्च पाठशाला मूरिंग में एक तथा स्पीति के राजकीय उच्च पाठशाला लालुंग में 26 किशोरों को टीका नहीं लग पाया।
गौरतलब है कि लाहौल-स्पीति जिले में 15 से 18 वर्ष तक आयु के 1385 किशोरों को वैक्सीन लगाई जानी है। अब तक जिले में करीब 700 किशोरों को टीका लगाया गया है। विभाग की मोबाइल वैक्सीनेशन टीम किशोरों के टीकाकरण के लक्ष्य हासिल करने के लिए खूब मेहनत कर रही है, लेकिन खराब मौसम और भारी बर्फबारी अभियान में रोड़ा बनी है। क्षेत्रीय अस्पताल केलांग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन लाल बंधु ने कहा कि किशोरों के वैक्सीनेशन अभियान में किसी तरह की बाधा न हो, इसके लिए 108 एंबुलेंस की मदद से शुक्रवार को वैक्सीन मनाली से केलांग पहुंचाई गई। खराब मौसम ने अभियान को रोक दिया।