केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिला लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार ने मतदान प्रतिशतता बढ़ाने के लिए विशेष हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। स्वीप के तहत यह अभियान 30 मार्च से 5 अप्रैल तक चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि लाहौल-स्पीति में 41 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां पर पिछले चुनाव के दौरान 62 प्रतिशत ही मतदान हुआ।
इस मर्तबा जिले में सभी मतदान केंद्राें पर 75 प्रतिशत से अधिक मतदान करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने जिले के समस्त मतदाताओं से आग्रह किया है कि मत प्रतिशतता बढ़ाने में आगे आएं। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल कुमार ने ईवीएम वेयर हाउस और केंद्रीय विद्यालय केलांग में स्थित स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया। कहा कि सभी ईवीएम और वीवीपैट मशीन पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखी गई हैं।
कहा कि लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव की पूर्ण रूप से तैयारी कर ली गई है। इस मौके पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी रजनीश शर्मा, परियोजना अधिकारी एकीकृत जनजातीय विकास विभाग मनोज कुमार, निर्वाचन तहसीलदार पवन राणा सहित अन्य विभागीय सुरक्षा कर्मी भी मौजूद रहे। संवाद