केलांग (लाहौल-स्पीति)। बिना अवकाश स्कूलों से नदारद रहने वाले स्पीति के छह अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनसे एक सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त काजा अभिषेक वर्मा ने बीते सोमवार को स्पीति के तोद वैली के दस स्कूलों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ स्कूलों के छह अध्यापक बिना अवकाश के स्कूलों से नदारद मिले। निरीक्षण के दौरान इन अध्यापकों के अवकाश के लिए आवेदन पत्र भी नहीं मिले। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने अध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
संतोषजनक जवाब न मिलने पर अध्यापकों पर निलंबन की गाज भी गिर सकती है। इससे अध्यापकों में हड़कंप मच गया है। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि बच्चों की शिक्षा को लेकर किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षा और ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले अध्यापकों पर कड़ी कार्रवाई होगी। स्थानीय जनता ने ऐसे अध्यापकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।े