ढालपुर में लगे अस्थाई बाजार में खरीदारी के लिए जूटी भीड़। संवाद
कुल्लू। ऐतिहासिक मैदान ढालपुर में पीपल जातर मेले के लिए लगे अस्थायी बाजार में अब खरीदार जुटने लगे हैं। इससे यहां दुकान लगाए बैठे कारोबारियों का काम पटरी पर लौटने लगा है। हालांकि जातर के शुरुआत में हुई बारिश के कारण कारोबारियों का कारोबार प्रभावित हुआ लेकिन अब मौसम साफ रहने से लोग जमकर खरीदारी करने लगे हैं।
दिल्ली से आए पवन कुमार, पंकज सेठी, रेशा त्रिपाठी का कहना है कि जातर मेले में वे कई वर्षों से आ रहे हैं। इस बार शुरुआती दौर में उन्हें कुछ परेशानी जरूर हुई लेकिन अब कारोबार पटरी पर लौटने लगा है। लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं और सामान खरीदने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
मंगलवार को अस्थायी बाजार में खूब भीड़ देखने को मिली। खरीदारी होने से कारोबारियों के चेहरे पर रौनक देखने को मिली। अस्थायी बाजार 15 मई तक सजेगा। ऐसे में कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले शेष दिनों में भी अच्छा कारोबार होगा। संवाद