मनाली (कुल्लू)। मुख्यमंत्री ने शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर की मांग पर मनाली विधानसभा क्षेत्र में संस्कृत कॉलेज खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने इससे पहले औपचारिकताएं पूरी करने की शर्त रखी।
सोलंग घाटी में कार पार्किंग और रास्ते के किनारे सुविधाएं उपलब्ध करवाकर इसका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के दो माध्यमिक विद्यालयों शिम और अपर गाहर को उच्च विद्यालय करने की घोषणा की। बवेली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतलीकूहल में बिस्तरों क्षमता बढ़ाकर 30 बिस्तर करने और निर्वाचन क्षेत्र में तीन नवनिर्मित पंचायतों में तीन पशु औषधालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने कटराइं इलाके में बाढ़ नियंत्रण परियोजना की भी मंजूरी दी। पतलीकूहल में जमीन उपलब्ध होने पर मार्केड यार्ड बनाने का भी आश्वासन दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि हंस फाउंडेशन नागरिक अस्पताल कुल्लू में एमआरआई सुविधा उपलब्ध करवाएगी और प्रदेश सरकार यह सुविधा प्रदान करने के लिए फाउंडेशन को हर संभव सहायता प्रदान करेगी।