मनाली-लेह हाईवे से बर्फ हटाने में जुटा बीआरओ का स्नो कटर।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में हिमपात के कारण घाटी का जनजीवन ठहर गया है। वहीं बर्फबारी व बारिश से दोनों जिला में दो हाईवे समेत 170 सड़कों पर यातायात ठप पड़ गया है। एक से तीन फीट तक गिरी ताजा बर्फबारी से जलोड़ी दर्रा पूरी तरह से बंद हो गया और निगम की बस भी सोझा के बजाए घियागी तक ही जा रही है।
ग्रामीण इलाकों की सड़कों के बंद होने से लोगों को मीलों पैदल चलना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेेेशानी लाहौल के लोगों को उठानी पड़ रहा है। जहां न केवल मुख्य मार्ग बर्फ से अवरुद्ध है, बल्कि घाटी के तमाम संपर्क मार्ग पिछले एक माह से भी अधिक समय से यातायात के लिए बंद पड़े हैं। अब ताजा बर्फबारी से लोनिवि और लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। इसके अलावा पेयजल की भी दो दर्जन स्कीमों के जम जाने की सूचना है। हालांकि शुक्रवार को कुछ घंटों तक धूप खिली रही। लेकिन बाद में मौसम ने फिर लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और जमकर बर्फबारी और बारिश का क्रम शुरू हो गया। उधर, मनाली पहुंचे सैलानियों को मनाली के साथ नेहरुकुंड तक ही जाने का मौका मिला। हालांकि कुछ सैलानी अपने वाहनों को पलचान व सोलंगनाला की तरफ ले गए। लेकिन बर्फबारी के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। सोलंगनाला की तरफ जाने वाले मार्ग पर फिसलन बढ़ गई है। लगातार बर्फबारी के कारण कुल्लू के जलोड़ी दर्रा, सोलंगनाला, अटल टनल के दोनों छोर, कोकसर, उदयपुर, तिंदी, तांदी दारचा के अलावा मनाली-लेह मार्ग पर हिमखंड गिरने की आशंका अधिक है। डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि मौसम एक-दो दिन और खराब रहने का अनुमान है। ऐसे में सैलानी संवेदनशील इलाकों की ओर जाने से बचें। उन्होंने किसी भी तरह की आपदा में 1077 पर फोन करने को कहा है, ताकि समय पर मदद पहुंचाई जा सके।