कुल्लू। केंद्रीय बजट से उन्नत भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। हिमाचल जैसे राज्यों के लिए यह बजट महत्वपूर्ण साबित होने वाला है। यह बात भाजपा प्रदेश मीडिया सहप्रभारी अमित सूद वीरवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कही। उन्होंने कहा कि 12,000 करोड़ का राहत पैकेज जारी होने से कांग्रेस सरकार के कुप्रबंधन से ग्रस्त प्रदेश में पुनर्वास और निर्माण कार्यों को गति मिलेगी।
रेलवे बजट में 25 गुना बढ़ोतरी बताती है कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य के विकास के लिए भी केंद्र सरकार गंभीर है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों तक रेलवे विस्तारीकरण के लिए 2698 करोड़ का आवंटन मील का पत्थर साबित होगा। शिमला सहित चार रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय मानकों के आधार पर बनाया जा रहा है।
चंडीगढ़-बद्दी रेललाइन के लिए 300 करोड़, भानुपल्ली-बिलासपुर बैरी रेल लाइन के लिए 1700 करोड़, नंगल तलवाड़ा के लिए 500 करोड़ और अन्य के लिए 198 करोड़ की राशि से हिमाचल में रेलवे के विकास की नई गाथा शुरू होगी। प्रदेश के हर जिले को रेलवे लाइन से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा। संवाद