रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा अपने गृह क्षेत्र की सड़कों को सुधार नहीं पाए है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि लाहौल-स्पीति जिले की अन्य सड़कों को हालत कैसी होगी। घाटी में मोबाइल नेटवर्क गुल है। सिर्फ घोषणाओं में ही जनजातीय जिले में विकास किया जा रहा है। तकनीकी शिक्षा मंत्री के गांव में न दूरसंचार सेवा है और न ही उनके घर से गुजरने वाली सड़क आज दिन तक पक्की हो पाई है। ऐसे में लोग फिलहाल उदयपुर-किलाड़ सड़क पर सफर न करें। वीरवार सुबह उदयपुर से किलाड़ की तरफ निकलते ही कुछ ही दूरी पर खस्ताहाल सड़क के कारण उनका वाहन खराब हो गया।
उन्होंने कहा कि इस सड़क की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि घाटी के लोग कितनी परेशानियों का सामना करते हैं। कांग्रेस के सत्ता में आते ही सबसे पहले उदयपुर-किलाड़ मार्ग को चकाचक किया जाएगा। इसके अलावा दूरसंचार सेवाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरूस्त करने के प्रयास किए जाएंगे। इससे पहले उन्होंने सलंग्रा गांव में लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान पूर्व विधायक रवि ठाकुर, लाल सिंह, जिला कांग्रेस महासचिव, महेश्वर चौहान, ज्ञालछन ठाकुर मौजूद रहे।