कुल्लू। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें चुनाव ड्यूटी में होने से सवारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवहन निगम की रविवार को भी 30 बसें चुनाव ड्यूटी पर रहीं। बसों को मनाली, बंजार और आनी से पोलिंग पार्टियों और सुरक्षा कर्मियों को लाने के लिए भेजा गया था।
ऐसे में जिले में 40 के करीब ग्रामीण रूट प्रभावित रहे। हालांकि कई ग्रामीण रूटों पर सिर्फ एचआरटीसी बसें ही चलती हैं। बसें न चलने के कारण कई क्षेत्रों में सवारियों को टैक्सियों में भारी भरकम किराया देकर सफर करना पड़ा है, तो कहीं लोगों ने तेज धूप में भी मजबूरन पैदल अपने गंतव्य की ओर रुख किया।
हिमाचल पथ परिवहन निगम की 150 से अधिक बसें 22 मई से चार जून तक चुनावी ड्यूटी के लिए बुक की गई हैं, लेकिन इन बसों को रोटेशन में चुनाव ड्यूटी में संचालित किया जा रहा है। अब तक सबसे अधिक 67 बसों को चारों विधानसभा क्षेत्रों कुल्लू, मनाली, बंजार और आनी में चलाया गया है। वहीं, रविवार को भी 30 बसें चुनावी ड्यूटी में रहीं और करीब 40 रूटों पर ग्रामीण क्षेत्रों की सवारियों को टैक्सी या फिर पैदल ही सफर करना पड़ा है।
इस संबंध में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि दो जून को पोलिंग पार्टियों और सुरक्षा कर्मियों के लाने के लिए 30 बसें बुक रहीं। कहा कि तीन जून से सभी रूटों पर बस सेवाएं शुरू करने का प्रयास रहेगा।