हरिपुर (कुल्लू)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरिपुर के 300 विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा का फायदा मिलेगा। विद्यार्थी अब डिजिटल तकनीक से पढ़ाई करेंगे। कुल्लू के 13 विद्यालयों में प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना आरंभ की गई है। इस योजना में हरिपुर स्कूल भी शामिल है। योजना के तहत विद्यालयों में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर 1.88 करोड़ का बजट खर्च किया जाना है। विद्यालय में इसी शैक्षणिक सत्र 2024-25 से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा मिलेगी।
विद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से शिक्षित करने के लिए आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा। प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया योजना के तहत विद्यालय को मॉडल बनाया जाएगा। पांच वर्ष के लिए विद्यालय को 1.88 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस बजट से विद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं जुटाई जाएंगी।
विद्यालय में डिजिटल पुस्तकालय, टिंकरिंग प्रयोगशाला, रोबो प्रयोगशाला, हर्बल गार्डन, ग्रीन हाउस, किचन हाउस, स्मार्ट क्लास रूम, ओपन एयर जिम, सोलर पैनल आदि सुविधाएं रहेंगी। इस संबंध में प्रधानाचार्य नीलम कपूर सूद ने कहा कि हरिपुर विद्यालय का चयन पीएम श्री योजना में हुआ है। इससे अब विद्यालय में शिक्षा का आधुनिकीकरण होगा, जो विद्यार्थियों के लिए फायदेमंद साबित होगा। संवाद
000