मणिकर्ण घाटी की पुंथल पंचायत में वीरवार रात को आग से तीन मंजिला मकान जलकर राख हो गया। वहीं आग से साथ लगती गौशाला भी इसकी चपेट में आ गई। घटना में करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया है। जानकारी के अनुसार पुंथल पंचायत के छाकना गांव के रहने वाले दो भाई गोकुल और ओम प्रकाश के तीन मंजिला मकान में देर रात अचानक आग लग गई। आग लगते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इससे पहले ग्रामीण आग पर काबू पाते आग ने पूरे मकान को अपने चपेट में ले लिया था। देखते ही देखते पूरा मकान जलकर राख हो गया। हालांकि ग्रामीणों ने पाइपें लगाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सब कुछ राख हो गया।
आग का तांडव इतना अधिक था कि साथ लगती गौशाला भी आग की चपेट में आ गई। हादसे के बाद पूरा परिवार सदमे है। इस संबंध में ग्राम पंचायत पुंथल के उप प्रधान मोती लाल ठाकुर और प्रधान पूर्ण चंद के अनुसार आग की घटना से 30 लाख का नुकसान हुआ है। आगजनी से पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। आग से हुए नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है। इधर, एसडीएम सदर रोहित राठौर ने बताया कि दो परिवारों को तीस हजार रुपये फौरी राहत के रूप में दे दिए गए हैं। इसके अलावा दो माह का राशन और बर्तन कीट भी प्रदान की गई है। प्रभावितों को नियमानुसार हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। आग से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए टीमें मौके पर भेजी गई हैं।