फेडरेशन के महासचिव बोले, युवाओं को उठाना पड़ेगा नुकसान
भुंतर में पेंशनरों ने की बैठक, सरकार से एरियर जारी करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। पेंशनरों ने अधिकारियों, कर्मचारियों को एक साल का सेवा विस्तार देने की योजना का विरोध जताया है। कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को नुकसान उठाना पड़ेगा। युवाओं को नौकरी के लिए इंतजार करना पड़ेगा जबकि कुछ तो आयु सीमा पूरी होने पर नौकरी से वंचित हो जाएंगे। हिमाचल पेंशनर फेडरेशन के प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर ने जिला कुल्लू के भुंतर में कहा कि सेवा विस्तार युवाओं के हित के लिए सही नहीं है। फेडरेशन के भुंतर खंड की मासिक बैठक शिव मंदिर भुंतर में शनिवार को हुई। इसकी अध्यक्षता खंड के अध्यक्ष एनके हांडा ने की, जबकि प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर विशेष तौर पर उपस्थित रहे।
अध्यक्ष एनके हांडा ने कहा कि उपायुक्त कुल्लू पेंशनरों के साथ बैठक करने की तिथि निर्धारित करें, ताकि पेंशनरों के अलावा शहर की समस्याओं को प्रशासन के ध्यान में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले में ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। परिवहन अधिकारी आंखें बंद कर जनता को लुटता देख रहे हैं। बार-बार शिकायत करने के बाद भी ऑटो चालकों की मनमानी पर लगाम नहीं लग रही है।
प्रदेश महासचिव टीडी ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री 15 अगस्त को एरियर, डीए, लीव इन कैशमेंट की किस्तों को जारी करने की घोषणा करें। इसके अलावा करुणामूलक आश्रितों को नियमों के तहत रोजगार प्रदान किया जाए। हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों की पेंशन का स्थायी समाधान किया जाए और हर माह की पांच तारीख से पहले पेंशन देय की जाए। संवाद
000