मनाली के मालरोड और बस स्टैंड में लगाई गई लाइटों को टीडीसी ने किया ट्रांसफर
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के मालरोड और बस स्टैंड के समीप लगी हाईमास्ट लाइटों का जिम्मा अब नगर परिषद खुद संभालेगी। लगभग छह महीने का बिल भरने के बाद पर्यटन विकास निगम (टीडीसी) ने दोनों लाइटों को नगर परिषद को ट्रांसफर कर दिया है। नगर परिषद के अध्यक्ष चमन कपूर ने कहा कि दोनों लाइटें फिर से जगमग हो जाएंगी।
चमन कपूर ने कहा कि कुछ साल पहले टीडीसी ने मनाली में स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुविधा के लिए हाईमास्ट लाइटें लगाई थीं। छह महीने से इनका बिल अदा नहीं हुआ। परिणामस्वरूप बिजली बोर्ड ने कनेक्शन काट दिया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद ने जन सुविधा को देखते हुए यह मामला प्रशासन से उठाया।
उपायुक्त एवं टीडीसी के अध्यक्ष से चर्चा हुई तो लाइटों का जिम्मा नगर परिषद को देने पर सहमति बनी। जन सुविधा को देखते हुए नगर परिषद ने लाइटें अपने नाम ट्रांसफर करवा ली हैं। अब भविष्य में नगर परिषद ही इसका जिम्मा उठाएगी। उन्होंने कहा कि टीडीसी ने पुराना बिल जमा कर दिया है। अब बिजली बोर्ड ने नगर परिषद के नाम के मीटर भी लगा लिए हैं। शाम से लाइटें चालू कर दी जाएंगी। संवाद