अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल पर बर्फ के बीच मस्ती करते पर्यटक।-संवाद
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में सैर सपाटे के लिए पहुंच रहे पर्यटक अब रोहतांग मार्ग पर गुलाबा तक जा सकेंगे। जल्द ही प्रशासन मार्ग को गुलाबा तक पर्यटकों के लिए बहाल कर देगा। सीमा सड़क संगठन ने सड़क से बर्फ हटा दी है। सड़क में कलवर्ट लगाने और मरम्मत कार्य होने से एक-दो दिन का समय लग सकता है।
भारी बर्फबारी के कारण रोहतांग दर्रा बंद है। लाहौल के कोकसर और मनाली की ओर से बर्फ हटाने का कार्य जारी है। मनाली की ओर से बीआरओ की टीम गुलाबा से आगे निकल गई है। लिहाजा, अब पर्यटकों को गुलाबा तक भेजा जा सकता है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि कोठी में स्थापित पुलिस बैरियर को जल्द शिफ्ट किया जाएगा।
गुलाबा में इसका प्रबंध किया जा रहा है। रहने और पानी आदि की व्यवस्था का जायजा लेने के बाद इसे शिफ्ट किया जाएगा। कहा कि सड़क यातायात के लिए ठीक है लेकिन मरम्मत और कलवर्ट का कार्य चला हुआ है। इससे यातायात प्रबंधन में दिक्कतें आ सकती हैं। निरीक्षण कर एक-दो दिन में पर्यटकों को गुलाबा तक भेजा जा सकता है। अब कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों को एक और स्नो प्वाइंट सैर सपाटे के लिए मिलेगा। इसे मनाली के पर्यटन कारोबार को भी गति मिलेगी। रोहतांग दर्रा में रिकार्ड बर्फबारी होने से इसे बहाल करने में समय लगेगा। संवाद