कुल्लू। नेहरू युवा केंद्र कुल्लू उत्कृष्ट युवक मंडल का चयन करेगा। इसके लिए जिले के ऐसे युवक मंडलों से आवेदन मांगे गए हैं, जिन्होंने नेहरू युवा केंद्र एवं अन्य विभागों के साथ मिलकर सामाजिक कार्यों में अहम भूमिका निभाई है।
उत्कृष्ट युवक मंडल को जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिलेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम आने वाले युवक मंडल को तीन लाख रुपये मिलेंगे। बता दें कि जिला स्तर पर विजेता युवक मंडल की फाइल राज्य स्तर के लिए भेजी जाएगी। इसी प्रकार राज्य स्तर पर प्रथम रहने पर राष्ट्रीय स्तर के लिए युवक मंडल का चयन होगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय विजेताओं का चयन किया जाएगा। नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी सोनिका चंद्रा ने कहा कि जिला स्तर पर विजेता को 25 हजार, राज्य स्तर पर 75 हजार रुपये दिए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम आने वाले युवक मंडल को तीन लाख, द्वितीय रहने पर एक लाख तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले को 50 हजार की नकद राशि पुरस्कार के रूप में दी जाएगी। कहा कि जिन युवक मंडलों ने वर्ष 2020-2021 में बेहतर कार्य किए हैं, वह आवेदन कर सकते हैं। मंडलों को अपने किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट की फाइल नेहरू युवा केंद्र कुल्लू के कार्यालय में 15 जनवरी तक जमा करवानी होगी। इस रिपोर्ट में युवक मंडल की ओर से एक अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2021 तक किए गए कार्यों की सूची व ऑडिट रिपोर्ट होनी अनिवार्य है।