फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kullu News: पुराने स्वरूप में नहीं लौटा नेशनल हाईवे तीन

विज्ञापन
मनाली में भूतनाथ मंदिर के समीप बाढ़ के बाद बनी डबललेन सड़क। पहले यहां फोरलेन सड़क थी
विज्ञापन
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी में अगले माह से पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है लेकिन बजौरा पुल से मनाली तक नेशनल हाईवे तीन की हालत में सुधार नहीं किया गया है। आपदा के बाद सड़क वाहन चलाने के लिए तैयार तो कर दी गई है लेकिन पुराने स्वरूप में नहीं लौट पाई है। कई जगह सड़क फोरलेन की जगह डबललेन और डबललेन की जगह सड़क सिंगललेन हो गई है। ऐसे में पर्यटन सीजन में जाम की समस्या गंभीर रूप धारण कर सकती है। बजौरा से रामशिला तक की बात करें तो कई जगह हाईवे आपदा में हुए भारी भूस्खलन में टूट गया है। कई जगह पर ब्यास में सड़क का एक हिस्सा बह गया है। अगस्त 2025 में ब्यास नदी में आई बाढ़ के कारण नेशनल हाईवे-3 को भारी नुकसान पहुंचा है। मंडी से मनाली तक कई जगह सड़क का नामोनिशान मिट गया। हालांकि, एनएचएआई ने सड़क को यातायात के लिए खोल दिया है। सड़क किनारे और ब्यास के तट पर क्रेटवाल और आरसीसी वाॅल भी लगाई गई हैं लेकिन अब यह सड़क पुराने स्वरूप वाली नहीं दिख रही। मनाली में भूतनाथ मंदिर से वॉल्वो बस स्टैंड तक की फोरलेन सड़क अब डबललेन रह गई है। वॉल्वो बस स्टैंड से रांगड़ी तक की सड़क की हालत भी वैसी ही हो गई है। इसके अलावा जहां भी बरसात से नुकसान हुआ है, वहां सड़क ऊबड़-खाबड़ हो चुकी है। आलू ग्राउंड में सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। रायसन में टोल प्लाजा के समीप भी सड़क की हालत सही नहीं है। यहां तो टोल प्लाजा ही ब्यास के रौद्र रूप में बह चुका है। मनाली के पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि सड़क को पर्यटन सीजन से पहले ही स्थायी रूप से दुरुस्त करना चाहिए था। 2023 और 2025 में आई बाढ़ के बाद से सड़क को अस्थायी तौर ही बनाया जा रहा है। इससे बरसात में सड़क को फिर नुकसान पहुंच रहा है। पर्यटन कारोबारी रोशन ठाकुर, रोहित शर्मा और अनूप ठाकुर ने कहा कि सड़क को स्थायी रूप से दुरुस्त किया जाना चाहिए जिससे सीजन में लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। सड़क की खस्ता हालत के कारण सीजन में जाम की समस्या गंभीर हो सकती है। एनएचएआई के परियोजना अधिकारी वरुण चारी ने कहा कि सड़क के स्थायी निर्माण के लिए डीपीआर मंजूर हुई है। इसके तकनीकी टेंडर खुल गए हैं और अब आर्थिक टेंडर खुलने का इंतजार है।
विज्ञापन

सड़क का कार्य महज खानापूर्ति है। डंगे भी सही नहीं लगाए गए हैं। अस्थायी कार्य के बजाय यह सड़क स्थायी तौर पर बननी चाहिए। इससे मनाली के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और जाम भी नहीं लगेगा।
रोशन ठाकुर, अध्यक्ष होटलियर एसोसिएशन मनाली
सड़क अब पहले जैसी नहीं रही। बाढ़ के बाद सड़क को मात्र यातायात के लिए दुरुस्त किया गया है। स्थायी तौर पर सड़क तैयार करने की दिशा में कार्य करने की जरूरत है। ऐसे में सीजन के दौरान जाम की स्थिति बन सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

-गोवर्धन शर्मा, कारोबारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें