कुल्लू। केंद्र सरकार की अमृत योजना में मनाली और भुंतर को भी शामिल किया गया है। दोनों शहरों में मूलभूत सुविधाओं में बढ़ावा होने से लोगों को इसका लाभ मिलेगा। नगर परिषद मनाली और नगर पंचायत का चयन योजना के दूसरे चरण में किया गया है। अधिकारी शहर में होने वाले कामों का डीपीआर तैैयार करने में लगे हैं। योजना में सीवरेज लाइनें भी बिछेंगी। सरकारी भूमि पर पार्कों का निर्माण होगा। हर घर पेयजल पाइपलाइन से जुड़ेगा और 24 घंटे पानी की सप्लाई दी जाएगी। इसके अलावा प्राचीन बावड़ियों को सुधारा जाएगा। शहरों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2015 में अमृत योजना की शुरुआत की थी।
इस योजना में नगर परिषद और नगर पंचायत के सभी कामकाज कागज पर नहीं बल्कि कंप्यूटराइज्ड करना भी लक्ष्य रहेगा। जबकि हाउस, वाटर टैक्स समेत अन्य टैक्सों का विवरण फाइलों में नहीं बल्कि डिजिटल होगा।
नगर परिषद कुल्लू के ईओ बीआर नेगी ने बताया कि केंद्र सरकार की अमृत योजना में शिमला, कुल्लू के बाद नगर परिषद मनाली और नगर पंचायत भुंतर को शामिल किया गया है। इसमें शहरों को मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी। जिसका लाभ शहरवासियों को मिलेगा। इसके लिए डीपीआर तैयार की जा रही है।